हिंदी पत्रकारिता को नई पहचान दिलाने वाले पी. एन. पाण्डेय को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान
स्वयं शाही
स्वतंत्र पत्रकार विज़न
जनपद गोरखपुर हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सशक्त लेखनी, निर्भीक विचारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले वरिष्ठ पत्रकार एवं संपादक पी. एन. पाण्डेय को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित ‘हिंदी चेतना शिखर सम्मान’ (लोक सेवा सम्मान) से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह नई दिल्ली स्थित राजेंद्र भवन में आयोजित होगा, जहाँ देशभर से साहित्य, पत्रकारिता और लोकसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियाँ उपस्थित रहेंगी।स्वतंत्र पत्रकारिता के सशक्त हस्ताक्षर के रूप में पहचाने जाने वाले पी. एन. पाण्डेय, स्वतंत्र पत्रकार विजन एवं अतुल भारत चेतना के प्रबंध संपादक हैं। उन्होंने लंबे समय से सामाजिक सरोकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों, जनसमस्याओं और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को अपनी पत्रकारिता का केंद्र बनाया है। उनकी लेखनी ने न केवल पाठकों को जागरूक किया है, बल्कि कई बार नीतिगत विमर्श को भी दिशा दी है।उनके इस सम्मान पर पत्रकारिता जगत में हर्ष और गर्व का माहौल है। इसी क्रम में पूर्वांचल न्यूज़ 24 की गोरखपुर टीम की ओर से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की गई हैं।
पूर्वांचल न्यूज़ 24 के मंडल प्रभारी गिरीश नारायण शर्मा एवं जिला प्रभारी स्वयं शाही ने संयुक्त रूप से बधाई संदेश जारी करते हुए कहा कि पी. एन. पाण्डेय का यह सम्मान पूरे पत्रकार समुदाय के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी पाण्डेय जी अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षधर पत्रकारिता से समाज को नई दिशा देते रहेंगे।यह सम्मान न केवल पी. एन. पाण्डेय के व्यक्तिगत योगदान का प्रतीक है, बल्कि हिंदी पत्रकारिता की गरिमा और चेतना को भी राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त करने वाला कदम माना जा रहा है।

