आईपीएल तक पहुंचा गोरखपुर का लाल– गुरु कल्याण सिंह के मार्गदर्शन में विशाल निषाद ने रचा इतिहास
स्वयं शाही
स्वतंत्र पत्रकार विज़न
जनपद गोरखपुर 20 वर्षीय क्रिकेटर विशाल निषाद ने अपनी कड़ी मेहनत और जुनून के दम पर वह कर दिखाया है, जो गांव-गरीब परिवारों के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है। जीवन की शुरुआत मेहनत-मजदूरी से करने वाले विशाल ने यह साबित कर दिया कि अगर सही मार्गदर्शन और सच्ची लगन हो, तो मंज़िल किसी की भी पहुंच से दूर नहीं।संस्कृति क्रिकेट अकादमी, गोरखपुर में कोच कल्याण सिंह की देखरेख में क्रिकेट की बारीकियां सीखने वाले विशाल ने उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उत्तर प्रदेश T20 लीग 2024 और 2025 में गोरखपुर लायंस की ओर से शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने न सिर्फ प्रदेश, बल्कि देश-दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीमों का ध्यान अपनी ओर खींचा।इसी कड़ी में आज दुबई में हुए आईपीएल ऑक्शन में विशाल निषाद का नाम पुकारा गया और पंजाब किंग्स ने उन्हें 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल कर लिया। यह पल सिर्फ विशाल के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे गोरखपुर और पूर्वांचल के लिए गर्व का क्षण है।इस सफलता के पीछे जिस शख्स की सबसे अहम भूमिका रही, वे हैं गोरखपुर के पूर्व खिलाड़ी और समर्पित कोच कल्याण सिंह। एक सच्चे गुरु की तरह उन्होंने विशाल की प्रतिभा को पहचाना, उसे तराशा और सही दिशा दी। आज विशाल की उपलब्धि में गुरु कल्याण सिंह का योगदान प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया है।गोरखपुर खेल जगत की ओर से कोच कल्याण सिंह को हृदय से धन्यवाद देते हुए यह उम्मीद भी की जा रही है कि वे आगे भी गोरखपुर और आसपास के अर्जुनों के लिए ऐसे ही द्रोणाचार्य बनकर नई प्रतिभाओं को निखारते रहेंगे।विशाल निषाद के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं—यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए नई राह दिखाएगी।

